समस्तीपुर समाहरणालय परिसर में रविवार को अंतराष्ट्रीय महिला दिवस पर भव्य जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रशस्तिपत्र देकर महिलाओं को सम्मानित किया गया। DM रोशन कुशवाहा द्वारा जन-जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर शहरों के लिए रवाना किया गया। डीएम ने कहा कि आज सरकारी-निजी क्षेत्र के साथ ही उधमी क्षेत्र में महिलाएं बढ़ चढ़ कर भाग ले रही हैं । यह गर्व की बात है की अब समाज में महिलाओं से भेदभाव लगभग खत्म ही है । महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और पुरुषों से कदम से कदम मिलाकर चल रही है । कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिले की उन महिलाओं और छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने शिक्षा, समाज सेवा, कला और प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया है। समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए दीप्ति कुमारी को जिला पदाधिकारी के द्वारा सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने अपने हाथों से जिले की मेधावी छात्राओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि “महिलाएं समाज की रीढ़ हैं और उनकी प्रगति ही जिले की असली प्रगति है।”
समारोह के दौरान समाहरणालय परिसर में आईसीडीएस, कला एवं संस्कृति विभाग तथा शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आकर्षक और संदेशपरक रंगोलियां बनाई गई थीं। जिलाधिकारी ने इन रंगोलियों का अवलोकन किया और महिला सशक्तिकरण के संदेश को कला के माध्यम से प्रस्तुत करने के लिए संबंधित विभागों की सराहना की।
महिला सशक्तिकरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। जिलाधिकारी ने स्वयं हस्ताक्षर कर इस अभियान की शुरुआत की और उपस्थित लोगों से महिलाओं को सुरक्षित व स्वावलंबी बनाने के लिए सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम के क्रम में पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ समाहरणालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि जिस प्रकार नारी जीवन का सृजन करती है, उसी प्रकार प्रकृति हमारे अस्तित्व का आधार है, इसलिए दोनों का सम्मान और संरक्षण जरूरी है।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री सूर्य प्रताप सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री कामेश्वर प्रसाद गुप्ता, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी श्रीमती सुनीता तथा कला एवं संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र, समस्तीपुर से सचिव श्री सुरेंद्र कुमार, लेखपाल पप्पू यादव, सामाजिक कार्यकर्ता दीप्ति कुमारी, मयंक कुमार सिन्हा, किरण कुमारी, ललिता कुमारी, वीणा कुमारी, विभा कुमारी, रविंद्र पासवान, बलराम चौरसिया, अनुष्का, मुस्कान, बबीता कुमारी, संगीता कुमारी, गायत्री कुमारी, माजदा खातून, संदीप कुमार सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता, किशोरियां, मीडियाकर्मी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
समारोह का समापन महिला सशक्तिकरण के संकल्प के साथ हुआ, जहां प्रशासन ने भविष्य में भी महिलाओं के उत्थान और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।