बेतिया में किशोरियों के मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर एक दिवसीय उन्मुखीकरण एवं कार्यशाला का प्रथम संस्था द्वारा आयोजन। बेतिया स्थित भोला इन होटल में सोमवार को केनव्यू परियोजना के तहत प्रथम संस्था द्वारा बच्चों एवं किशोर-किशोरियों के साथ मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत संचालक अमर सिंह ने संस्था का परिचय देते हुए कार्यशाला के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की। बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को मासिक धर्म से जुड़े विषयों पर खुलकर अपनी बात रखने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इसके लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। साथ ही मासिक धर्म को लेकर माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए निर्देशों एवं अधिकारों की जानकारी भी साझा की गई।कार्यशाला में अनुप्रिया विलियम जी ने किशोरियों में मासिक धर्म की शुरुआत, इस दौरान होने वाली शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं, शरीर में होने वाले बदलावों तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मासिक धर्म के दौरान किन बातों का ध्यान रखना चाहिए, खान-पान कैसा होना चाहिए, किन सावधानियों को अपनाना चाहिए तथा जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह कब लेनी चाहिए। उन्होंने बच्चों को घर-परिवार में मासिक धर्म जैसे विषयों पर खुलकर बातचीत करने के लिए भी प्रेरित किया।इस कार्यक्रम में कुल 55 किशोर-किशोरियों ने भाग लिया। सभी ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़े विषयों पर खुलकर अपने विचार साझा किए।इस अवसर पर जिला समन्वयक अमर सिंह ने कहा कि हमारे किशोर-किशोरियां जब सशक्त और जागरूक होंगे तथा उन्हें सही दिशा और मार्गदर्शन मिलेगा, तभी बिहार में सकारात्मक बदलाव संभव है।कार्यक्रम में प्रथम संस्था की ओर से शुभम कुमार, सोनू कुमार, पूजा कुमारी, काजल कुमारी एवं वेदांती कुमारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।इस अवसर पर प्रथम संस्था के सोनू कुमार ने बताया कि मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता किशोरियों का मौलिक अधिकार है। माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने 30 जनवरी 2026 को अपने ऐतिहासिक फैसले में मासिक धर्म स्वास्थ्य को संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत जीवन के अधिकार का हिस्सा माना है। न्यायालय ने सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में किशोरियों को निःशुल्क सैनिटरी पैड, अलग एवं स्वच्छ शौचालय तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि किसी भी किशोरी की शिक्षा मासिक धर्म के कारण बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए परिवार, विद्यालय और समाज को मिलकर जागरूकता फैलाने की आवश्यकता है।